हल्द्वानी। ड्यूटी से घर जाते समय सीने में दर्द उठने से वन निगम के स्केलर की मौत हो गई। मूल रूप से ओखलकांडा के ग्राम गरगड़ी निवासी उम्मेद सिंह मेहता (52) वन विकास निगम में स्केलर थे। वह यहां कुसुमखेड़ा में सपरिवार रहते थे। वह खनन प्रभाग हल्द्वानी में गौला पुल पर गश्ती दल में तैनात थे। अधिकारियों के मुताबिक बृहस्पतिवार दोपहर मेहता ड्यूटी से घर के लिए निकले थे। उन्होंने पुल के पास जाकर फल खरीदे। कार्यालय के गेट के पास ही अचानक उनके सीने में दर्द उठा और वह बेहोश होकर वहीं गिर गए। कर्मियों ने उन्हें तुरंत बेस अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। उनके परिवार में पत्नी, चार बेटे, एक बेटी है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। वन निगम अधिकारियों और कर्मियों ने शोक जताया। मृतक के परिजनों को 25 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी है। उम्मेद का अप्रैल में ही प्रमोशन हुआ था। तब से वह बहुत खुश थे। वह गश्ती दल में नियमित रूप से चेकिंग कर रहे थे।