हल्द्वानी। केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के दूसरे गुट ने कार्यकारिणी के विभिन्न पदों को लेकर चुनाव प्रक्रिया जारी रखते हुए नामांकन की तिथि मंगलवार तक बढ़ा दी है।
केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के कार्यकारिणी के चुनाव को लेकर एसोसिएशन दो गुट में बंट चुकी है। एक गुट के मुख्य चुनाव अधिकारी नंदा बल्लभ तिवारी और सह चुनाव अधिकारी मनोज जोशी शनिवार को ही चुनाव स्थगित करने की घोषणा कर चुके हैं जबकि दूसरे गुट में शामिल चुनाव अधिकारी चंद्रशेखर दानी अब भी चुनाव प्रक्रिया को संचालित कर रहे हैं। चुनाव अधिकारी चंद्रशेखर दानी ने सोमवार को कहा है कि अपरिहार्य कारणों के चलते पिछले दिनों चुनाव प्रक्रिया में विलंब हुआ जिसे देखते हुए नामांकन पत्र जमा करने की तिथि 16 अप्रैल से बढ़ाकर 17 अप्रैल कर दी गई है। उन्होंने बताया कि नामांकन पत्र प्राप्त कर चुके सदस्य रमन मार्केट स्थित चुनाव कार्यालय में मंगलवार तक नामांकन पत्र जमा करा सकते हैं। एसोसिएशन की कार्यकारिणी के लिए 21 अप्रैल को मतदान कराया जाएगा।