हल्द्वानी। शहर में प्राधिकरण के अधिकारियों की आंखों में धूल झोंककर अवैध निर्माण को वैध बनाने का खुला खेल चल रहा है। ऐसा ही एक मामला जगदंबा नगर में सामने आया है, जहां एक व्यक्ति ने प्राधिकरण से आवासीय भवन का नक्शा पास कराया लेकिन मौके पर बहुमंजिला व्यावसायिक इमारत खड़ी कर दी। अब इस अवैध निर्माण को वैध कराने के लिए प्राधिकरण में कंपाउंडिंग के लिए आवेदन किया है।
जानकारी के मुताबिक जिला विकास प्राधिकरण के गठन से पहले एक व्यक्ति ने विनियमित क्षेत्र विकास प्राधिकरण से जगदंबा नगर में आवासीय नक्शा पास कराया। लेकिन उन्होंने इस स्थान पर आवासीय भवन बनाने के बजाए व्यवसायिक प्रयोग के लिए बहुमंजिला भवन खड़ा कर दिया। बाद में इस बहुमंजिला इमारत को व्यावसायिक भवन के रूप में तब्दील कर दिया गया।
जगदंबा नगर में हुए इस निर्माण कार्य के खिलाफ प्राधिकरण स्तर पर क्या कार्रवाई हुई यह तो देखकर ही बता पाऊंगा, लेकिन इतना याद है कि संबंधित व्यक्ति ने अपने निर्माण कार्य को कंपाउंड कराने के लिए प्राधिकरण में आवेदन किया है। जिस पर निर्णय अभी नहीं हुआ है।
-पंकज कुमार उपाध्याय, संयुक्त सचिव क्षेत्रीय विकास प्राधिकरण हल्द्वानी।