द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। प्रखर समाजवादी विचारक जन नेता पूर्व विधायक स्व. बिपिन त्रिपाठी का 74वां जन्मदिन यहां संकल्प दिवस के रूप में मनाया गया। मुख्य अतिथि पूर्व विधायक पुष्पेश त्रिपाठी ने भाजपा और कांग्रेस की नीतियों पर जमकर प्रहार किया। कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत सहारनपुर को उत्तराखंड में मिलाने की बात कहकर स्थायी राजधानी गैरसैंण के मुद्दे से लोगों का ध्यान बांटने का प्रयास कर रहे हैं। उक्रांद गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाकर ही दम लेगा।
ब्लॉक अध्यक्ष आनंद बिष्ट की अध्यक्षता में मुख्य अतिथि पूर्व विधायक पुष्पेश त्रिपाठी ने गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने, पलायन, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और माफिया मुक्त प्रदेश बनाने का संकल्प लिया। साथ ही स्व. त्रिपाठी के सपनों का राज्य बनाने का आह्वान भी किया गया। प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा सहारनपुर को उत्तराखंड में मिलाए जाने संबंधी बयान की कड़ी आलोचना की। कहा कि भाजपा लोग पूर्व में भी मुजफ्फरनगर, बिजनौर आदि जिलों को उत्तराखंड में मिलाने की बात कहते रहे हैं। अब प्रदेश के मुखिया सहारनपुर को प्रदेश में मिलाने की बात कर स्थायी राजधानी के मुद्दे से लोगों का ध्यान भटकाना चाह रहे हैं। कहा कि यदि भाजपा को राज्य की चिंता होती तो वह उत्तराखंड के जल, जंगल और जमीन के प्रबंधन को बेहतर करने और पलायन रोकने के लिए गंभीर चिंतन करती। इस अवसर पर दिवान सिंह, लक्ष्मण सिंह, तेज सिंह खंपा, लाल सिंह, अर्जुन खंपा, गोविंद अधिकारी, हीरा सिंह, गोविंद सिंह, लकी चौधरी, गौरव भट्ट, मनीष तड़ागी, भुवन चौधरी, मनोज अधिकारी, ध्यान सिंह, जगदीश नाथ, हीरा सिंह सहित तमाम लोग मौजूद रहे।
स्वास्थ्य केंद्र में फल भी बांटे
जन नेता स्व. बिपिन चंद्र त्रिपाठी के जन्मदिन पर कार्यकर्ताओं ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रोगियों को फल वितरित किए, कार्यकर्ताओं ने रोगियों को हाल पूछा और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की। संपूर्ण कार्यक्रम का संचालन कैलाश फुलारा ने किया।