हल्द्वानी। गौला नदी से कम रॉयल्टी जमा कर ज्यादा रेता, बजरी भर कर लूट का खेल जारी है। तराई पूर्वी वन प्रभाग के सुरक्षा दस्ते ने गौला नदी से उप खनिज निकासी में पंजीकृत ऐसे ही एक वाहन को पकड़ा है। सुरक्षा दस्ता प्रभारी सुनील गैरोला के नेतृत्व में सचल दस्ता शनिवार को इंडियन ऑयल डिपो लालकुआं में चेकिंग कर रहा था। इस बीच एक गौला में उप खनिज निकासी को पंजीकृत ट्रक संख्या यूके 04 वी 3645 की जांच की तो चालक ने लालकुआं गेट से 48.50 क्विंटल की रॉयल्टी दिखाई। जब इस वाहन की तुलाई की गई तो 73.70 क्विंटल उपखनिज पकड़ा गया। यानी 25.20 क्विंटल उप खनिज की चोरी की जा रही थी। दस्ते ने वाहन को गौला रेंज कार्यालय में खड़ा किया है। दस्ते में देवी प्रसाद बडोला, अमर सिंह बिष्ट, संजय, जयदीप जोशी, मनोज डसीला आदि शामिल थे।