भवाली (नैनीताल)। फलों, हरी सब्जियों की छोटी मंडी, कुमाऊं के जंक्शन के नाम से प्रसिद्ध भवाली शहर अब घंटों, लंबे जाम के लिए जाने जाना लगा है। शहर में पार्किंग व्यवस्था न होने के चलते पर्यटकों और शहरवासियों को कई दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
पार्किंग की व्यवस्था न होने से इन दिनों लगातार भवाली शहर जाम से घिरा नजर आ रहा है। लोग सड़कों के किनारे आड़े-तिरछी वाहन खड़ा कर देते हैं, जिससे जाम लग जाता है। भवाली चौराहे से प्रतिदिन हजारों वाहन अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, रानीखेत, नैनीताल, ज्योलीकोट, हल्द्वानी, भीमताल, गढ़वाल आदि को जाते हैं। वाहनों की बढ़ती संख्या से भवाली चौराहे, नैनीताल मार्ग, रामगढ़, भीमताल मार्ग तक घंटों जाम लगा रहता है, जिस वजह से जाम में फंसे यात्रियों, शहर वासियों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। जनप्रतिनिधियों, शहरवासियों ने कई बार मुख्यमंत्रियों, जिला प्रशासन से पार्किंग की व्यवस्था करने की मांग की, लेकिन इस पर कोई अमल नहीं किया गया। नगर पालिका परिषद के अधिशाषी अधिकारी ईश्वर सिंह रावत का कहना है कि नगर में पार्किंग का न होना गंभीर विषय है। डीएम के माध्यम से सैनिटोरियम में पार्किंग बनाने का प्रस्ताव भेजा गया है।