कालाढूंगी (नैनीताल)। बैलपड़ाव में तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार युवक को पीछे से टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक को घर वाले हल्द्वानी के कई अस्पतालों में ले गए मगर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हेलमेट न होने के कारण उसका सिर फट गया था।
कालाढूंगी के देवलचौड़ निवासी 25 वर्षीय कमलेश पांडे स्कूटी यूके 04 एन 5028 से रामनगर से घर की ओर आ रहा था, बैलपड़ाव में धनपुर के पास पीछे से तेज रफ्तार से आ ही कार संख्या यूके 06 यू 2027 ने उसे टक्कर मार दी। घटना के बाद चालक कार को कमोला में किसी के आंगन में खड़ी कर फरार हो गया। पुलिस कार को उठाकर थाने ले आयी। कमलेश के घायल होते ही राहगीर उसे हल्द्वानी के एक निजी अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। उसे सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सा अधीक्षक एके पांडे के अनुसार घायल को तीन बजे लाया गया था लेकिन पांच मिनट बाद ही घर वाले उसे प्राइवेट अस्पताल ले गए। छह बजे दोबारा लाए लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थी। थानाध्यक्ष बीएल विश्वकर्मा के अनुसार कार हरिपुर हरसान निवासी एक व्यक्ति की बताई जा रही है। चौकी प्रभारी हरेंद्र नेगी ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।