शिविर में 247 मरीजों ने कराया इलाज
रानीखेत (अल्मोड़ा)। अमर उजाला फाउंडेशन, कृष्णा हास्पिटल एंड रिसर्च सेंटर हल्द्वानी एवं हैड़ाखान आश्रम की ओर से चिलियानौला स्थित हैड़ाखान आश्रम में आयोजित निशुल्क स्वास्थ्य शिविर में दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। शिविर में 247 रोगियों का इलाज किया गया, जबकि 100 लोगों की शुगर और ईसीजी जांच की गई।
निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन कृष्णा हास्पिटल एंड रिसर्च सेंटर हल्द्वानी के प्रबंध निदेशक एवं वरिष्ठ आर्थोपैडिक सर्जन डॉ. जेएस खुराना, वरिष्ठ स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. आरके खुराना और हैड़ाखंडी समाज के वरिष्ठ सलाहकार सेवानिवृत्त कर्नल बीएस राणा ने दीप जलाकर किया। गनियाद्योली, ताड़ीखेत, बधाण, पांडेकोटा, खिरखेत के अलावा दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों से भी सुबह से ही लोग पहुंचने लगे थे। सबसे अधिक रोगी हड्डी रोग से संबंधित थे। शिविर में 247 पंजीकरण हुए, जिनमें से 137 महिलाएं और 110 पुरुष रोगी थे।
वरिष्ठ आर्थोपेडिक सर्जन डा. जेएस खुराना, वरिष्ठ स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. आरके खुराना, दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. जोया सिद्दीकी, कार्डियोलाजिस्ट डॉ. भूपेंद्र, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. आईपी अरोड़ा, फिजिशियन डॉ. कपिल, हैड़ाखान अस्पताल के वरिष्ठ आई सर्जन डॉ. विल्सन जे जेवियर और दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. करन कर्नाटक ने रोगियों की जांच की और परामर्श दिया। रोगियों को निशुल्क दवाएं दी गईं। 60 लोगों की शुगर की जांच और 40 लोगों की ईसीजी जांच की गई। शिविर के सफल आयोजन में डॉ. एसएस मिश्रा, अनिल जोशी, विवेक जोशी, आनंद संवल सहित हैड़ाखंडी समाज से जुड़े तमाम लोगों ने भी सहयोग किया।