भीमताल (नैनीताल)। धारी ब्लॉक के पोखराड़ इंटर कॉलेज के लैब टेक्नीशियन कर्मी का शव शुक्रवार दोपहर एक बजे क्षेत्र के भूमिया मंदिर के गधेरे में मिला। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना मुक्तेश्वर पुलिस को दी। पुलिस के अनुसार लैब टेक्नीशियन की ठंड से मौत की आशंका है। क्षेत्रवासियों के अनुसार घटनास्थल के पास करीब -0.7 डिग्री तापमान होगा।
थानाध्यक्ष कैलाश जोशी ने बताया कि पोखराड़ इंटर कॉलेज में कार्यरत लैब टेक्नीशियन हरेंद्र सिंह बिष्ट (59) पुत्र स्व. उमेद सिंह बिष्ट निवासी गंगुवाचौड़ चौखुटा का शव शुक्रवार दोपहर एक बजे भूमिया मंदिर के गधेरे में मिला। बताया कि हरेंद्र सिंह बृहस्पतिवार शाम से घर नहीं पहुंचे थे, जिस पर उनके परिजनों ने शुक्रवार सुबह से उनकी खोजबीन की। तलाश करते समय भूमिया मंदिर के पास गधेरे में उन्हें देखा गया। परिजनों ने गधेरे से उन्हें बाहर निकाला, लेकिन उनकी मौत हो गई थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नैनीताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष के मुताबिक संतुलन बिगड़ने पर वह गधेरे में गिर गए होंगे और रातभर गधेरे में पड़े होने के चलते ठंड से उनकी मौत हो गई होगी। बताया कि जनवरी 2019 में लैब टेक्नीशियन हरेंद्र सिंह बिष्ट को सेवानिवृत्त होना था। लेकिन एक माह पहले ही उनकी मौत हो गई।
गधेरे में मिला लैब टेक्नीशियन का शव, ठंड से मौत की आशंका
पोखराड़ इंटर कॉलेज में तैनात थे गंगुवाचौड़ चौखुटा निवासी
पुलिस को सूचना देकर खुद तलाश कर रहे थे परिजन
एक दिन पहले शाम पांच बजे बच्चों और शिक्षकों ने देखा था गधेरे के पास
थानाध्यक्ष कैलाश जोशी ने बताया कि बृहस्पतिवार की शाम पांच बजे स्कूली बच्चों और शिक्षकों ने उन्हें हरेंद्र सिंह बिष्ट को भूमिया मंदिर के पास बैठा देखा था। थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथमदृष्टया शरीर पर चोट के निशान नहीं है। लेकिन हाथ-पैर में रगड़ के निशान है। मृतक के दो बेटे हैं।