हल्द्वानी। जिले के कई बिल्डर और बेखौफ कालोनाइजर अवैध ढंग से कालोनी बनाकर बेच चुके हैं। इस मामले में मुकदमे भी चल रहे हैं। फिर भी जिला प्रशासन ऐसे लोगों पर लगाम लगाने की स्थिति में नहीं है। लोगों का कहना है कि राजनीतिक संरक्षण में पल रहे बिल्डर जिला के अधिकारियों पर दबाव बनाकर मनमानी करते आए हैं।
डीआईजी द्वारा गठित एसआईटी के समक्ष अवैध ढंग से जमीन हथियाने और उस पर निर्माण कराने के कई मामले सामने आए हैं। एक मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद अदालत में मुकदमा विचाराधीन है। आरोप है कि एक व्यक्ति ने अवैध ढंग से कालोनी बनाकर उसे बेच दिया है। इसी प्रकार लालकुआं क्षेत्र का एक मामला पुलिस के समक्ष आया था। यहां भी बिल्डर ने मनमानी किया। शहर में बिल्डरों ने जिला प्रशासन की अनुमति के बगैर अवैध कालोनियों का निर्माण कर लिया है। अब उनको हटाना प्रशासन के लिए टेढ़ी खीर साबित हो रहा है। पता चला कि राजनीतिक दबाव में पहले अफसरानों ने अपनी आंखें बंद कर ली थी। विकास प्राधिकरण का गठन होने पर भी कई मकान बगैर नक्शा पास कराए बनाए गए हैं। यहां गौला नदी को भी लोगों ने अवैध ढंग से लोगों ने कब्जा कर लिया है। प्रेम टाकीज के समीप भी ठेकेदार ने अपनी मनमानी का प्रदर्शन किया है। हालांकि अब पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर ठेकेदार की मनमानी पर रोक लगाने की कोशिश की है। पुलिस ने हादसे के बाद काम बंद करा दिया है।
जिले के बिल्डर प्रशासन पर पड़ रहे भारी