रुद्रपुर। दो महीने से वेतन नहीं मिलने से नाराज नगर निगम के ठेका सफाई कर्मियों ने रविवार को दूसरे दिन भी डोर-टू-डोर कूड़ा नहीं उठाया। सफाई कर्मियों की हड़ताल से विभिन्न कॉलोनियों व सार्वजनिक स्थलों पर कूड़े के ढेर लग गए।
बता दें कि ठेकेदार के खिलाफ सफाई कर्मी रुद्रपुर नगर निगम के गेट के बाहर धरना दे रहे है। उन्होंने ठेकेदार पर आरोप लगाया कि कर्मचारियों द्वारा कड़ी मेहनत करने के बावजूद उनका आर्थिक शोषण किया जा रहा है। न तो उन्हें समय पर वेतन मिलता है और न ही पीएफ का लाभ मिल रहा है। दीपावली का त्यौहार नजदीक है ऐसे में उन्हें अभी तक दो महीने का वेतन नहीं दिया गया है।
कर्मियों ने बताया कि वेतन नहीं मिलने तक हड़ताल जारी रहेंगी। वहां करन, अनिल, बसंत, आशीष, केशव, गोपाल, शरीफ, विजय, नीलरतन, नीलकमल, सोनू, दिलशेर, उमेश कुमार, शिवम, वनबारी लाल, महेश सिंह, राजू, श्यामबाबू, रवि, रामेश्वर दयाल, मनीष, महेश कुमार, शशिकांत, डोरी लाल, विजय आदि थेे। उधर, सफाई निरीक्षक संजय शर्मा ने कहा कि डोर टू डोर कूड़ा उठाने के लिए नगर निगम के नियमित कर्मचारियों को लगाया जा रहा है।