हल्द्वानी। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत का दो दिवसीय कुमाऊं दौरा बुधवार से शुरू होगा। मुख्यमंत्री नैनीताल जिले के ओखलकांडा क्षेत्र के अलावा अल्मोड़ा और भिक्यासैण में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे और कई योजनाओं का शिलान्यास करेंगे।
मुख्यमंत्री के जनसंपर्क अधिकारी विजय बिष्ट ने बताया कि मुख्यमंत्री रावत चार अप्रैल को 9:55 बजे जीटीसी हैलीपैड देहरादून से प्रस्थान कर 10:45 बजे राजकीय इंटर कॉलेज भिक्यिासैण (अल्मोड़ा) के मैदान में बनाए गए हेलीपैड पहुंचेंगे। जहां से वह कार से प्रस्थान कर 11 बजे से 12 बजे के बीच स्व. प्रताप सिंह बिष्ट स्नातकोत्तर महाविद्यालय के नवीन भवन को छात्र-छात्राओं को समर्पित करेंगे। यहां वह शौर्य दीवार का लोकार्पण कर कई विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण करेंगे। मुख्यमंत्री यहां दीनदयाल उपाध्याय सहकारिता किसान कल्याण योजना के तहत किसानों को चेक भी बांटेंगे।
मुख्यमंत्री दोपहर 12:10 बजे भिक्यासैण हेलीपैड से ओखलकांडा (नैनीताल) के लिए रवाना होंगे। 12:35 बजे वह ओखलकांडा के गोविंद बल्लभ पंत राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में पहुंचेंगे। 12:45 बजे से एक बजे के बीच मुख्यमंत्री सीएचसी ओखलकांड में ई हेल्थ स्टूडियो का उद्घाटन एवं टेली मेडिसन सुविधा का शुभारंभ करेंगे। 1:05 बजे से दो बजे के बीच वह राइंका ओखलकांडा में विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण कर दीनदयाल उपाध्याय सहकारिता किसान कल्याण योजना के तहत काश्तकारों को ऋण बांटेंगे। दोपहर दो बजे वह वापस अल्मोड़ा जाएंगे। जहां वह चार बजे से पांच बजे के मध्य कोसी नदी के पुनरोद्धार की बैठक लेंगे। मुख्यमंत्री रात्रि विश्राम अल्मोड़ा में करेंगे। पांच अप्रैल को अल्मोड़ा से रवाना होकर 11 बजे राजकीय इंटर कॉलेज डीडीहाट पहुंचेंगे। जहां वह विभिन्न योजनाओं के लोकार्पण व शिलान्यास के अलावा किसानों को ऋण वितरण करेंगे।