हल्द्वानी। दमुवाढूंगा क्षेत्र की कुमाऊं कॉलोनी में लंबे समय से पेयजल किल्लत से परेशान महिलाओं ने सोमवार को जल संस्थान कार्यालय पर प्रदर्शन किया। उन्होंने प्रभारी ईई का घेराव कर चेतावनी दी कि अगर जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो बेमियादी धरना, प्रदर्शन किया जाएगा।
दमुवाढूंगा क्षेत्र की महिलाओं का कहना था कि कई माह से उनके घरों में पानी की समस्या है जबकि कॉलोनी के सामने से ही जल संस्थान द्वारा चार इंच की पानी की पाइप लाइन डाली है, जिसमें तीन माह पहले से पानी की आपूर्ति भी शुरू हो गई है। उन्होंने जलसंस्थान आकर क्षेत्र के जेई से नई पेयजल लाइन से कनेक्शन देने की मांग की थी लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया। उनका आरोप था कि क्षेत्र के कुछ लोगों के दबाव में जलसंस्थान नई लाइन से कनेक्शन नहीं दे रहा है। महिलाओं ने प्रभारी ईई को चेतावनी दी कि अगर उन्हें नई लाइन से कनेक्शन नहीं दिया तो आंदोलन किया जाएगा। उधर, जलसंस्थान के प्रभारी ईई संतोष उपाध्याय का कहना है कि कॉलोनी में डेढ़ इंच की पाइप लाइन है, अब आबादी बढ़ने से यह पाइप लाइन नाकाफी है। लोगों की शिकायत है कि पाइप लाइन के शुरुआत के घरों को तो पानी मिल जाता है लेकिन अंतिम छोर तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र में चार इंच की नई पाइप लाइन डालने का प्रस्ताव बनाया जा रहा है।