हल्द्वानी। बारिश के दौरान बुधवार रात नाले-नालियां चोक होने से अंबेडकर नगर के घरों में गंदा पानी घुस गया था। इससे गुस्साए लोगों और पार्षदों ने बृहस्पतिवार को मेयर डॉ. जोगेंद्र रौतेला से अतिक्रमण हटा नाले-नालियों की सफाई की मांग की। नगर आयुक्त चंद्र सिंह मर्तोलिया ने शुक्रवार से नाले-नालियों के अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए हैं। पार्षदों, लोगों का कहना था कि बोर्ड बैठक में नाले साफ कराने का निर्णय लिया गया था। उसके बाद भी नालों की सफाई नहीं हो रही है। लोगों ने नालों के ऊपर पक्के अतिक्रमण कर दिए हैं। इस कारण बुधवार को हल्की बारिश से उनके घरों में गंदा पानी घुस गया। इससे उनका घर का सामान खराब हो गया। उन्होंने अतिक्रमण तोड़ने, नालों की सफाई कराने की मांग की। अन्यथा आंदोलन की चेतावनी दी। इनमें पंडित मदन मोहन जोशी, विवेक गर्ग, विरमा देवी, रोहित कुमार, योगेश राजौर, अजीत, विमला, बसंती आदि थे।