हल्द्वानी। रोडवेज स्टेशन में अधिकारियों की नाक के नीचे चल रही अवैध दुकानों के खिलाफ परिवहन निगम के अधिकारी सिर्फ कागजी घोड़े दौड़ाने में लगे हैं। अधिकारी शनिवार को भी कार्रवाई के लिए बहार नहीं निकले।
हल्द्वानी रोडवेज स्टेशन में 17 दुकानें चल रही हैं। निगम ने यहां 11 दुकानें संचालन के लिए दी हुई है। इसमें से अधिकांश दुकानें जिस प्रयोग के लिए दी गई हैं। उसके ठीक विपरीत यहां दुकानों का प्रयोग हो रहा है। नियमों में साफ कहा गया है कि प्रयोग बदलने पर दुकान निरस्त कर दी जाएगी। हल्द्वानी रोडवेज के अधिकारियों से लेकर कुमाऊं मंडल के आरएम तक इसकी जानकारी है।
आरएम कुशी राम कह रहे हैं कि उन्होंने हल्द्वानी रोडवेज स्टेशन इंचार्ज को पत्र लिखा है। वे कार्रवाई नहीं करते हैं तो उच्चअधिकारियों को पत्र लिखा आदेशों की अवेहलना करते हुए कार्रवाई के लिए लिखा जाएगा। उधर स्टेशन इंचार्ज आरएस कापड़ी का कहना है कि दुकानदारों को नोटिस दिया गया है। नोटिस के जवाब आने के बाद उच्च अधिकारियों को इन दुकानों में कार्रवाई करने के लिए लिखा जाएगा। जब उनसे पूछा गया कि 11 दुकानों की जगह 17 दुकानें क्यों चल रही है। कब कार्रवाई होगी तो उनका कहना है कि उनके पास बहुत काम है।
आरएम को ये नहीं पता कब लिखा है पत्र
आरएम रोडवेज कुशी राम से जब पूछा गया कि स्टेशन इंचार्ज को कब पत्र लिखा गया है तो उन्होंने पहले जानकारी होने से पहले मना कर दिया। फिर बोले की आठ दिन या 10 दिन पहले दिया गया है। यह भी कहा कि अवैध दुकानों पर कार्रवाई करना हल्द्वानी स्टेशन इंचार्ज का काम है।