हल्द्वानी। गौला नदी से रेता भर कर ले जा रहे दो डंपरों को छकाता रेंज की वन टीम ने पीछा कर बिठौरिया नंबर एक से पकड़ा है। दोनों डंपरों को काठगोदाम बैरियर पर रोकने की कोशिश की गई थी लेकिन वे रुके नहीं और गाड़ी दौड़ा दी।
हल्द्वानी वन प्रभाग के अंतर्गत छकाता रेंजर शालिनी जोशी काठगोदाम बैरियर पर चेकिंग कर रही थी। इस बीच दो रेता से भरे वाहन बैरियर पर आए तो उन्होंने चेकिंग के लिए रोकने की कोशिश की। रेंजर के मुताबिक दोनों वाहन बैरियर पर नहीं रूके और तेजी से गाड़ी दौड़ा दी। इस पर उन्होंने वन टीम के साथ डंपरों का पीछा किया। करीब तीन चार किमी का पीछा करने के बाद वन टीम ने दोनों डंपरों यूए 04 सीए 4691 व यूए 01 सीए 0079 को पकड़ लिया है। जब रेता के कागजात दिखाने को कहा तो वे आनाकानी करने लगे। टीम ने दोनों डंपरों को सीज कर दिया है। टीम में हुकुम राम, गोपाल पांडे, धर्मपाल टम्टा आदि शामिल थे।
स्कूटर से रोकने की कोशिश की
रेंजर शालिनी जोशी के मुताबिक जब वह सरकारी गाड़ी से डंपर का पीछा कर रही थी तो खनन माफिया बार बार स्कूटर उनकी गाड़ी के सामने ला रहे थे इससे कई बार बाल-बाल हादसा होते बचा। वहीं डंपर इतनी तेजी से दौड़ा रहे थे कि एक शादी के मंडप के समीप टकराते टकराते बचे वरना अनहोनी हो भी सकती थी।