नैनीताल। सीबीएसई की ओर से आयोजित राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा रविवार को सरोवर नगरी के 13 केंद्रों में होगी। परीक्षा में 5,299 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा के समन्वयक समीर शर्मा की अध्यक्षता में अम्तुल्स पब्लिक स्कूल शनिवार को केंद्रों के प्रधानाचार्यों और केंद्र प्रभारियों की बैठक हुई। बैठक में परीक्षा की तैयारियों को लेकर चर्चा की गई।
बैठक के बाद शर्मा ने बताया कि परीक्षार्थियों को सुबह नौ बजे तक परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा। 9:30 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को केंद्र में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थी को केंद्र में परिचय पत्र, पेन व पहचान पत्र के अलावा कोई भी अन्य सामग्री ले जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। पहला पेपर सुबह 9:30 बजे से 10:45 बजे तक, दूसरा पेपर 11:15 बजे से 12:30 और तीसरा पेपर दो बजे से 4:30 बजे तक होगा।