भवाली (नैनीताल)। भवाली डिपो द्वारा शुक्रवार से भवाली से देहरादून के लिए रात्रि सेवा शुरू कर दी है। उक्त बस भवाली से रात सात बजे देहरादून के लिए रवाना होगी जबकि देहरादून से भवाली को चलने वाली बस रात आठ बजे दून से रवाना होगी। क्षेत्र के लोगों की मांग पर कर्मचारी यूनियन ने भवाली से देहरादून तक बस सेवा शुरू कराने की मांग की थी। कर्मचारी यूनियन, डिपो के सहायक महाप्रबंधक के बीच देहरादून के लिए बस सेवा चलाने के लिए लिखित समझौता होने के बाद उक्त बस सेवा शुरू की गई है। लोगों का कहना था कि रानीखेत, अल्मोड़ा से देहरादून को आने वाली बसें हमेशा पैक रहती हैं। ऐसे में दून जाने वाले यात्रियों को भवाली से हल्द्वानी जाकर देहरादून की बस पकड़नी पड़ती है। उक्त बस सेवा का शुभारंभ शुक्रवार देर शाम कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष एलडी पालीवाल व स्टेशन प्रभारी नेमीचरण ने किया।