नैनीताल। राज्य के उच्च शिक्षा विभाग में शिक्षक के पदों के लिए पात्रता परीक्षा (यूसेट) 29 अक्तूबर को राज्य के 11 केंद्रों पर होगी। परीक्षा के लिए अगस्त तीसरे हफ्ते से ऑनलाइन आवेदन किया जा सकेगा। परीक्षा 27 विषयों में होगी।
शुक्रवार को यूसेट कोऑर्डिनेशन कमेटी की बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक में इस वर्ष 25 हजार अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना जताई गई। इसके अनुरूप तैयारी करने का निर्णय लिया गया। परीक्षा के लिए 11 केंद्र निर्धारित किए गए, जिनमें नैनीताल, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, गोपेश्वर, हल्द्वानी, पंतनगर, देहरादून, हरिद्वार, रुड़की, उत्तरकाशी, श्रीनगर गढ़वाल शामिल हैं। बैठक की अध्यक्षता कर रहे कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डीके नौडियाल ने बताया कि यूजीसी ने तीन वर्ष के लिए कुमाऊं विश्वविद्यालय को यह परीक्षा आयोजित कराने के लिए अधिकृत किया था। पूर्व में भी विवि ने इसका आयोजन किया था। कुलपति ने बताया कि परीक्षा नेट की तर्ज पर होगी। पाठ्यक्रम भी यूजीसी नेट का ही लागू होगा। सदस्य सचिव प्रो. पीसी कविदयाल ने बताया कि परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 22 सितंबर है। परीक्षा परिणाम नवंबर तक घोषित होने की उम्मीद है। कविदयाल ने बताया कि परीक्षा शुल्क सामान्य श्रेणी के विद्यार्थियों के लिए एक हजार रुपये, आरक्षित श्रेणी के लिए 600 रुपये रखा गया है। अन्य राज्यों के अभ्यर्थी भी यह परीक्षा दे सकते हैं, लेकिन वे सामान्य श्रेणी में ही माने जाएंगे। बैठक में तकनीकी विश्वविद्यालय के कुलपति पीके गर्ग, उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नागेश्वर राव, यूजीसी नेट ब्यूरो के संयुक्त सचिव सुरेंद्र सिंह, उच्च शिक्षा निदेशक प्रो. बीसी मलकानी, कुलसचिव प्रो. डीसी पांडे, प्रो. एलएम जोशी, वित्त अधिकारी अनीता आर्या आदि थे।