हल्द्वानी। वायरोलॉजी लैब में बृहस्पतिवार को दो और टेक्नीशियन पॉजिटिव आ गए। लैब कोरोना जांच के लिए शनिवार से खुल जाएगी। जिले में कोरोना के 118 केस सामने आए हैं।
राजकीय मेडिकल कालेज लैब के वायरोलॉजी लैब में बुधवार को एक लैब टेक्नीशियन पॉजिटिव आया था। संपर्क में आए 25 अन्य का सैंपल जांच को भेजा गया था। आज दो और लैब टेक्नीशियन पॉजिटिव आ गए। सभी को एसटीएच में भर्ती किया गया है।
लैब बृहस्पतिवार और शुक्रवार को बंद कर सैनिटाइज करने के साथ ही डिसइंफेक्ट किया जाएगा। प्राचार्य डॉ. सीपी भैसोड़ा ने बताया कि लैब शनिवार से खुल जाएगी और कोरोना सैंपल की जांच हो सकेगी। सीएमओ डॉ. भागीरथी जोशी ने बताया कि 509 के सैंपल जांच को निजी लैब में भेजे गए। शुक्रवार को भी सैंपल निजी लैब में भेजे जाएंगे।
पैथालॉजी से भेजे जाएंगे टेक्नीशियन
हल्द्वानी। वायरोलॉजी लैब में तीन लैब टेक्नीशियन के पॉजिटिव आने के बाद लैब बंद हो गई है। प्राचार्य डॉ. सीपी भैसोड़ा ने बताया कि पैथालॉजी विभाग से टेक्नीशियन वायरोलॉजी लैब में भेजे जाएंगे। टेक्नीशियन भेजकर लैब को शनिवार से शुरू करा दिया जाएगा। चार लैब टेक्नीशियनों की नियुक्ति की जाएगी। नियुक्ति संबंधी प्रक्रिया पूरी होने के बाद अग्रिम कार्रवाई होगी, इस माह के अंत तक चार टेक्नीशियन नियुक्त हो जाएंगे।
छह अधिग्रहीत अस्पताल में मिलेगा कोविड का इलाज
हल्द्वानी। छह अधिग्रहीत निजी अस्पतालों में कोविड के इलाज की सुविधा जल्द शुरू हो सकती है। प्रशासनिक अधिकारी और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी इसको लेकर रूपरेखा तैयार कर रहे हैं। इलाज की सुविधा शुरू होने को लेकर डीएम के स्तर से नोटिफिकेशन जारी होगा। बता दें कि शासन ने निजी अस्पतालों में इलाज की दरें तय कर दी थीं। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी इसको लेकर पिछले कुछ दिनों से मंथन कर रहे हैं। शहर के छह निजी अस्पतालों को प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने पूर्व में ही अधिग्रहीत किया था। अस्पतालों के बेडों की संख्या को देखते हुए 20 से 25 प्रतिशत तक निजी अस्पताल के बेड कोविड मरीजों के लिए आरक्षित किए जा सकते हैं।