हल्द्वानी। कांग्रेस शासन काल में कालाढूंगी क्षेत्र के लिए स्वीकृत विकास कार्यों का शुरू न किए जाने का आरोप लगाकर कांग्रेसी शनिवार को सड़क पर उतर आए। उन्होंने विधायक बंशीधर भगत पर राजनीतिक द्वेष के चलते काम न कराए जाने का आरोप लगाया और बंशी बजाकर विधायक का ध्यान खींचा।
ब्लाक कार्यालय परिसर के बाहर हुई सभा में राष्ट्रीय सचिव प्रकाश जोशी ने कहा कि कांग्रेस शासन में करोड़ों की लागत के विकास कार्य स्वीकृत हुए थे लेकिन इन्हें राजनीतिक द्वेष के चलते रोक दिया गया। जिलाध्यक्ष सतीश नैनवाल, ब्लाक प्रमुख भोला भट्ट और पूर्व दर्जा राज्य मंत्री महेश शर्मा ने कहा कि कांग्रेस शासन में स्वीकृत कार्यों को रोकना जनता के साथ धोखा है। जिला पंचायत अध्यक्षा सुमित्रा प्रसाद ने कहा कि जनता जनहित के विकास कार्यों पर वोट देती है न कि खुद के विकास के लिए। अध्यक्षता ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष कुंदन नेगी और संचालन संजय बिष्ट ने किया। आरोपों के बावत पूछे जाने के लिए विधायक भगत को फोन किया गया लेकिन उनका फोन बंद मिला।
ये रहे मौजूद
दीप सती, राजेंद्र खनवाल, भागीरथी बिष्ट, तारा नेगी, संजय साह, सुमन लटवाल, खजान पांडे, ललित जोशी, हर्षवर्धन पांडे, हेमंत बगड़वाल, कुंदन सिंह बोहरा, श्याम सिंह बिष्ट, विजय सिंह, प्रदीप नेगी, भानू पलड़िया, बालम बिष्ट, पवन तिवारी, मोहन सिंह नेगी, विजय लक्ष्मी खड़का आदि।
इन कार्यों के न होने का आरोप
- बैलपड़ाव के समीप करकट नाले में पुल निर्माण
- कालाढूंगी स्थित मेथीसाह नाले में पुल निर्माण
- कोटाबाग और हल्द्वानी में 60 किलोमीटर सड़कों के निर्माण
- सीएचसी कालाढूंगी का उच्चीकरण
- आंवलाकोट पेयजल योजना विस्तार
- कालाढूंगी में मंडी और मिनी स्टेडियम निर्माण
- कालाढूंगी नगर पंचायत के लोगों को भूमि का मालिकाना हक देने