रानीखेत (अल्मोड़ा)। चौबटिया-कुनेलाखेत 15 किमी लंबे मोटर मार्ग की मरम्मत नहीं होेने से सड़क बुरे हाल है। डामर उखड़ने के कारण बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। कई स्थानों पर कलवर्ट भी टूटने वाले हैं। बरसात में गड्ढों में पानी भर जाता है। जिसके चलते वाहन चालकों के अलावा यात्रियों को भी भारी परेशानियां उठानी पड़ रही हैं।
चौबटिया-कुनेलाखेत मुख्य मोटर मार्ग होने के कारण इस सड़क से दिनभर सैकड़ों वाहन गुजरते हैं। इस मोटर मार्ग से चौबटिया सहित कुनेलाखेत, गाड़ी, चौना, कनार सहित एक दर्जन से अधिक छोटे बड़े गांव जुड़े हुए हैं, लेकिन इस मार्ग की लंबे समय से मरम्मत नहीं हुई है। तंत्र की अनदेखी के चलते अब हालात और खराब होते जा रहे हैं। सड़क में कई स्थानों पर डामर उखड़ चुका है। मार्ग पर बने गड्ढे दुर्घटना का सबब बने हुए हैं। बरसात का मौसम चल रहा है, गड्ढों के कारण वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई दुपहिया वाहन चालक इन गड्ढों में गिरकर घायल तक हो चुके हैं। सड़क की बदहाली के चलते सबसे अधिक दिक्कतें मरीजों को अस्पताल पहुंचाने की होती हैं।
कोट----
चौबटिया-कुनेलाखेत मोटर मार्ग के सुधारीकरण कार्य के लिए ई-टेंडर लगा दिए गए हैं। 27 जुलाई जो प्राइट बिड खुलेंगे, इसके बाद मरम्मत का कार्य शुरू कराया जाएगा।
केएस बिष्ट, सहायक अभियंता, प्रांतीय खंड, लोनिवि, रानीखेत।
सप्लाई डिपो मार्ग का नहीं है कोई सुधलेवा
रानीखेत। यहां सेना क्षेत्र को जोड़ने वाली दो सड़किया-सप्लाई डिपो मोटर मार्ग का कोई सुध लेवा नहीं रह गया है। मार्ग जगह जगह बदहाली का दंश झेल रहा है। गड्ढे पानी से लबालब भरे हुए हैं। अधिकांश स्कूली बसें इसी मार्ग से हिचकोले खाकर गुजर रही हैं। जिससे कभी भी बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।