हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज में बीए प्रथम सेमेस्टर की 41 पन्नों की मेरिट लिस्ट मंगलवार को गुस्साए कुछ छात्रों ने फाड़ डाली। छात्र मेरिट देखने के बाद इसलिए गुस्सा गए थे कि सैकड़ों विद्यार्थियों का तो इसमें नाम ही नहीं है। कालेज प्रशासन ने पुन: जाली बंद नोटिस बोर्ड में मेरिट लिस्ट चस्पा करवाई।
दोपहर में कालेज के पूछताछ काउंटर के पास तीन स्थानों पर चस्पा की गई 41 पन्नों की बीए प्रथम सेमेस्टर की मेरिट कुछ छात्रों ने गुस्से में फाड़ डाली। बाद में गुस्साए छात्र प्राचार्य डा. रेखा पांडे के पास पहुंचे तथा बीए में सभी विद्यार्थियों को प्रवेश देने की मांग उठाई जिस पर प्राचार्य ने शासन के निर्देश और हाइकोर्ट के आदेश का हवाला देकर इसमें असमर्थता व्यक्त की।
प्राचार्य द्वारा हिदायत देने पर मेरिट लिस्ट फाड़ने वाले छात्र उनके कक्ष से बाहर चले गए। छात्रों का कहना था कि 3319 आवेदकों में से केवल 1280 को दाखिला दिया जा रहा है, बाकी विद्यार्थी कहां जाएंगे। प्रभारी चीफ प्राक्टर डा. शांति नयाल ने अनुशासन मंडल के सदस्यों के साथ भ्रमण कर चेकिंग की।