हल्द्वानी। शहर में सीवर और पेयजल लाइन बिछाने के लिए पेयजल निगम ने तीन करोड़ की सड़के खोद दी। सड़क में हाटमिक्स करना तो दूर निगम की ओर से सड़क के गड्ढें तक नहीं भरे गए। गड्ढों के कारण सड़क में लोगों को चलने में भी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
पेयजल निगम अमृत योजना के तहत हीरा नगर, रामलीला मोहल्ला, सुभाष नगर, गुरुनानकपुरा, पर्वतीय मार्केट, भोलानाथ गार्डन, सिविल जज कोर्ट में सीवर लाइन बिछा रहा है। इसके तहत कई जगह सीवर और पेयजल लाइन पड़ चुकी है।
उसके बाद भी निगम की ओर से इस सड़क में हॉट मिक्स करना तो दूर इनके गड्ढें तक नहीं भरे हैं। इन गड्ढों के कारण आए दिन दो पहिया वाहन चालक इसमें चोटिल हो रहे हैं। उधर लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता रणजीत सिंह रावत ने बताया कि ये सड़क करीब तीन करोड़ से बनाई गई थी।
रोड बनाना तो दूर, गड्ढे तक नहीं भरे गए
बरसातों में लोगों को चलने में हो रही है मुश्किलें
आखिर कौन बनाएगा सड़क
हल्द्वानी। नगर निगम की सड़क कौन बनाएगा। इसको लेकर अभी असमंजस बना हुआ है। लोक निर्माण के अधिकारी ये सड़क निगम के बनाने की बात कह रहे हैं। उधर निगम के अधिकारियों का कहना है कि निगम सिर्फ पौने चार मीटर से कम चौड़ाई वाली सड़क बनाएगा।
नगर आयुक्त चंद्र सिंह मर्तोलिया ने बताया कि शासन की ओर से एक जीओ जारी हुआ है। इसमें कहा गया है कि नगर निगम अपने क्षेत्र की सिर्फ पौने चार मीटर से कम चौड़ाई वाली सड़क बनाएगा। बाकि की सड़क लोक निर्माण विभाग बनाएगा। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता रणजीत रावत ने बताया कि जीओ जारी हुआ है। लेकिन इसमें निगम और लोक निर्माण विभाग के बीच एमओयू होना है। जब तक एमओयू नहीं होगा नगर निगम ही अपनी सड़क बनाएगा।