हल्द्वानी। गौला का जलस्तर गिरने से जलसंस्थान के ट्रीटमेंट प्लांट को पूरा पानी नहीं मिल रहा है। पानी नहीं मिलने से शहर में पेयजल का संकट पैदा हो गया है। प्रेशर कम होने से अधिकांश इलाकों में पेयजल के लिए हाय तौबा मची है।
मुख्य पेयजल लाइन से आधा किमी दूर के कनेक्शनों में पेयजल सप्लाई बाधित हो गई है। इधर, शहर के 12 से अधिक नलकूप खराब होने से भी पानी की किल्लत बढ़ गई है।
शीशमहल ट्रीटमेंट प्लांट से आने वाली मुख्य पेयजल लाइन के आधा किमी दूर के कनेक्शनों में पेयजल सप्लाई नहीं हो पा रही है। योजना के अंतिम छोर के कनेक्शनों में पेयजल सप्लाई करना मुश्किल हो गया है।
क्षेत्र के मल्ली बमौरी, आदर्श नगर, तल्ली बमौरी, सतीश कालोन, खन्ना फार्म, खटिक फार्म, दमुवाढूंगा, हल्दीखाल, बिठौरिया, कठघरिया, राजपुरा, गांधीनगर, पीलीकोठी, मुखानी, कोहली कालोनी, जगदंबा नगर समेत तमाम इलाकों में लोगों के नलों में पानी नहीं आ रहा है।
जलसंस्थान के सहायक अभियंता आरपी डोबवाल ने बताया कि गौला के पानी में कमी और लाइनों में प्रेशर कम होने से संकट बढ़ा है। मुख्य लाइन से आधा किमी दूर के कनेक्शनों में सप्लाई बाधित हुई है।
मुख्य लाइन से आधा किमी दूर कनेक्शनों में बाधित है सप्लाई
लाइनों में कम हो गया है पानी का प्रेशर, शहरवासी परेशान