हल्द्वानी। नगर निगम चुनाव में मेयर प्रत्याशी के लिए कांग्रेस पर्यवेक्षक शनिवार को संभावनाएं तलाशेंगे। मेयर को लेकर अंदरखाने चल रही गुटबाजी का गुबार आज पर्यवेक्षकों के सामने फूट सकता है। मेयर पद के लिए कांग्रेस में आधा दर्जन से अधिक दावेदार हैं।
मेयर पद के लिए कांग्रेस में एक अनार, सौ बीमार वाली कहावत सटीक बैठ रही है। इस पद के लिए हेमंत बगड़वाल, खजान पांडे, हुकुम सिंह कुंवर, भोलादत्त भट्ट, एनबी गुणवंत, ललित जोशी और दीपक बल्यूटिया के नाम चल रहे हैं। सूत्रों की मानें तो इस बात का भी प्रयास किया जा रहा था कि कभी कांग्रेस में रहे महेश शर्मा की पार्टी में एंट्री हो जाए और मेयर के लिए उनका भी नाम आगे बढ़ाया जा सके। हालांकि राज्य स्तर पर पार्टी से बाहर किए जा चुके किसी भी व्यक्ति की वापसी नहीं हो रही है। माना जा रहा है कि आलाकमान की अनुमति के बिना वापसी के दरवाजे खुलेंगे भी नहीं। शनिवार को पर्यवेक्षक विधायक फुरकान अहमद, पूर्व विधायक मयूख महर और मिक्की कपूर मेयर पद के लिए संभावित प्रत्याशियों से बात कर संभावनाएं तलाशेंगे। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष डॉ. इंदिरा हृदयेश भी मौजूद रहेंगी। पर्यवेक्षक सभी से अलग-अलग बात करेंगे और प्रदेश अध्यक्ष को अपनी रिपोर्ट देंगे। हल्द्वानी में भी कांग्रेस में गुटबाजी हर स्तर पर है। ऐसे में नाम तय होने के बाद कांग्रेस को सभी लोग मिलकर चुनाव लड़ाएंगे।
आधा दर्जन से अधिक नेता है मेयर की दौड़ में
नेता प्रतिपक्ष और पर्यवेक्षकों के सामने दंभ भरेंगे दावेदार