हल्द्वानी। कला और संस्कृति के क्षेत्र में कार्य करने वाले 10 से 14 वर्ष के बाल कलाकारों को छात्रवृत्ति मिलेगी। ऐसे बाल कलाकार जो कि गीत, संगीत, चित्रकला, मूर्ति कला, कविता, कहानी लेखन, क्रिएटिव राइटिंग, हस्तकला कौशल, फोटोग्राफी की परंपरागत और आधुनिक कला के क्षेत्र में कार्य कर रहे हों, वे इस छात्रवृत्ति के लिए सांस्कृतिक स्रोत एवं प्रशिक्षण केंद्र (सीसीआरटी) नई दिल्ली को आवेदन कर सकते हैं।
सीसीआरटी से जुड़े गौरीशंकर कांडपाल ने बताया कि प्रतिवर्ष राष्ट्रीय स्तर के सभी क्षेत्रों में संस्कृति विभाग द्वारा 650 छात्रवृत्ति प्रदान की जाती हैं। इसमें सौ छात्रवृत्तियां जनजातीय संस्कृति, अनुसूचित जनजाति, 20 छात्रवृत्तियां दिव्यांग बच्चों के लिए, 30 छात्रवृत्तियां सृजनात्मक लेखन साहित्यिक कलाओं के क्षेत्र में सक्रिय बच्चों और 125 छात्रवृत्ति एवं परंपरागत कला घरानों के बच्चों के लिए चिह्नित की गई हैं। वर्ष 2018-19 में छात्रवृत्ति के लिए 1 जुलाई 2004 से 30 जून 2008 के बीच जन्मे बच्चे ही आवेदन करने के पात्र हैं। जिन कलाकारों के अभिभावकों की कुल मासिक आय 8000 रुपये से कम है, उन्हें छात्रवृत्ति में वरीयता मिलेगी। छात्रवृत्ति के लिए चयनित कलाकार को 2 वर्ष के लिए 3600 रुपये प्रति वर्ष प्रदान किया जाएंगे। विशेष प्रशिक्षण के लिए गुरु/ अध्यापक कला संस्थान के लिए प्रदान की जाने वाली प्रशिक्षण शुल्क की राशि में अधिकतम 9000 रुपये प्रति वर्ष प्रदान किए जाएंगे।