हल्द्वानी। रोडवेज को कुमाऊं क्षेत्र में 150 टायरों की जरूरत है। टायर न मिलने के कारण हल्द्वानी, काठगोदाम, भवाली सहित कई डिपो की 25 बसें नहीं चल सकी हैं। त्योहार सीजन में बस खड़ी रहने निगम को प्रतिदिन लाखों रुपये का घाटा हो रहा है।
काठगोदाम, हल्द्वानी सहित कुमाऊं के कई डिपो की बसों में टायर पूरी तरह घिस चुके हैं। शनिवार को टायर न होने के कारण काठगोदाम डिपो की सात, हल्द्वानी डिपो की पांच सहित 25 बसें खड़ी रहीं। उधर जो बसें उतरी भी उनके टायर भी घिस चुके थे। घिसे टायरों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। चार दिन पूर्व बेलबाबा के पास रोडवेज बस का टायर फट गया था। इससे 42 यात्रियों को हल्की चोटें भी आई थी। इसके बाद भी आला अधिकारियों ने टायर नहीं दिलाए। काठगोदाम डिपो में बसों के टायरों में रबर चढ़ाई जाती है, लेकिन रबर न होने के कारण बसों के टायरों में रबर भी नहीं चढ़ पा रही है। त्योहारी सीजन में बसों का संचालन रुकने से निगम को लाखों रुपये का घाटा उठाना पड़ रहा है। मंडलीय तकनीकी प्रबंधक अनूप रावत ने बताया कि दो दिन पूर्व 120 टायरों की खेप आई है। फिर भी 150 टायरों की कमी है। उन्होंने कहा कि टायर आते ही बसों में लगवा दिए जाएंगे।