हल्द्वानी। अब भवन बनाने पर नक्शे की आदेश संख्या भवन या भवन की चहारदीवारी में डालना जरूरी होगा। विकास प्राधिकरण के सचिव पंकज उपाध्याय ने इसके आदेश जारी किए हैं। उधर, बिना नक्शा पास कराए निर्माण करने पर चार भवन स्वामियों को नोटिस भेजा गया है।
मंगलवार को विकास प्राधिकरण के सचिव पंकज उपाध्याय ने रामपुर रोड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान चार नए भवन बनते पाए गए। भवन स्वामी नक्शा नहीं दिखा पाए। इस पर प्राधिकरण के सचिव पंकज उपाध्याय की ओर से चार लोगाें को नोटिस भेजा गया है। प्राधिकरण सचिव ने कहा कि दीवारों में नक्शा पास की आदेश संख्या डालनी होगी जिससे नक्शे का मिलान किया जा सके।
निर्माण तोड़ने गई टीम लौटी
अवैध कब्जे की शिकायत पर कब्जा हटाने गई नगर निगम की टीम को कब्जा धारक की ओर से कागजात दिखाए जाने के बाद लौटना पड़ा। सिटी मजिस्ट्रेट पंकज उपाध्याय ने निगम और कब्जाधारक को 10 बजे कागजात के साथ कार्यालय में तलब किया है।
नगर निगम की शिकायत पर सिटी मजिस्ट्रेट पंकज उपाध्याय पुलिस फोर्स और नगर निगम की टीम के साथ इंद्रा नगर पहुंचे। उन्होंने कब्जा धारक को कब्जा हटाने के लिए 30 मिनट का समय दिया। कब्जाधारक की ओर से सिटी मजिस्ट्रेट को निगम की ओर से आवंटित भूमि के कागजात दिखाए गए।