हल्द्वानी। नैनीताल ऊधमसिंह नगर संसदीय क्षेत्र में 11 अप्रैल को होने वाले मतदान के लिए यूं तो पांच हजार से अधिक कार्मिकों को ड्यूटी पर लगाया गया है, इसके बाद भी इस चुनाव में हर विधानसभा क्षेत्र में एक बूथ ऐसा भी होगा जहां चुनाव की पूरी कमान महिलाओं के हाथ में रहेगी। इन बूथों में किसी भी पुरुष कार्मिक की तैनाती नहीं की जाएगी।
जिले में 943 मतदान स्थलों पर शांतिपूर्ण मतदान के लिए 5191 कार्मिकों को ड्यूटी पर लगाया गया है। हर बूथ में पांच-पांच अधिकारी और कर्मचारियों की टीम तैनात रहती है, इनमें पुरुष और महिलाएं दोनों ही शामिल होते हैं। लेकिन इस बार कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र में राजकीय प्राथमिक विद्यालय पतलिया, नैनीताल में राजकीय प्राथमिक विद्यालय किंडर गार्डन, रामनगर में कार्यालय प्रभागीय विपणन केंद्र, भीमताल में ब्लाक कार्यालय, लालकुआं में कुष्ठ रोग आश्रम हाथीखाल और हल्द्वानी में खालसा इंटर कॉलेज में बनाए गए बूथ में सिर्फ महिलाएं ही समूची मतदान प्रक्रिया को संपन्न कराएंगी।
जिला निर्वाचन कार्यालय के अधिकारियों के मुताबिक इन छह बूथों में पीठासीन अधिकारी, प्रथम मतदान अधिकारी, द्वितीय मतदान अधिकारी, तृतीय मतदान अधिकारी, चतुर्थ मतदान अधिकारी के अलावा सुरक्षा व्यवस्था में भी महिला पुलिस की तैनाती की जाएगी और जरूरत पड़ने पर आरक्षित श्रेणी में रखी गई महिला कार्मिकों को ही इन बूथों पर भेजा जाएगा।
छह पोलिंग बूथों की कमान महिलाओं के हाथ में
पीठासीन अधिकारी से लेकर सुरक्षा कर्मी तक का जिम्मा महिलाओं को, यहां नहीं लगेगी किसी भी पुरुष कार्मिक की ड्यूटी
महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के लिए जिले के छह पोलिंग बूथों में वूमेन आनली वूमेन कार्यक्रम के तहत महिला कार्मिकों की ही तैनाती होगी। महिलाओं को सम्मान देने के लिए ऐसी पहल की जा रही है।
-विनीत कुमार अपर जिला निर्वाचन अधिकारी नैनीताल।