भीमताल (नैनीताल)। पर्यटन सीजन शुरू होने से पहले थानाध्यक्ष प्रमोद पाठक ने नौकुचियाताल क्षेत्र के नाव चालकों, होटल संचालकों और क्षेत्रवासियों के साथ बैठक की। इसमें थानाध्यक्ष ने नाव चालकों को कड़ी चेतावनी दी कि अगर नाव चलाते समय सैलानियों को बिना लाइफ जैकेट पहनाएं बोटिंग कराई गई तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी और लाइसेंस रद्द करने के साथ चालान भी काटा जाएगा।
नगर पंचायत अध्यक्ष देवेंद्र सिंह चनौतिया की अध्यक्षता में हुई बैठक में थानाध्यक्ष ने जॉर्बिग बॉल और कायकिंग संचालकों से कहा कि अगर बिना पर्ची काटे सैलानियों को परेशान किया गया तो उन पर भी कार्रवाई की जाएगी। शराब पीकर बोट चलाने वालों को जेल भेजा जाएगा। चेयरमैन चनौतिया ने कहा कि नौकुचियाताल क्षेत्र अब नगर पंचायत में शामिल हो चुका है। इसलिए क्षेत्र की सफाई बेहतर की जाएगी। चनौतिया ने नौकुचियाताल के सिलौटी में वीरान पड़े हेलीपैड स्थल का निरीक्षण कर गंदगी फैलाने वाले और शराब पीकर बोतल फेंकने वालों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने सिलौटी में कनयूर कुंड की हालत जल्द दुरुस्त कराने का आश्वासन दिया।