भीमताल (नैनीताल)। विकास भवन में बृहस्पतिवार को नोडल अधिकारियों, बीडीओ की एक दिवसीय कार्यशाला हुई। इसमें सीडीओ विनीत कुमार ने स्वच्छ सर्वेक्षण में सावधानी बरतने को कहा। बताया कि स्वच्छता सर्वेक्षण का डाटा एप, पोर्टल से ऑनलाइन होगा। इसलिए सीडीओ ने सभी नोडल अधिकारियों से स्वच्छता सर्वेक्षण की प्रतिदिन रिपोर्ट कार्यालय में भेजने को कहा। बताया कि ग्रामीणों, आंगनबाड़ी, वन पंचायतों, शिक्षा विभाग, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में जागरूकता अभियान चला कर उनका फीडबैक लिया जाए। सार्वजनिक शौचालयों में भी सफाई करवाने को कहा गया। डीआरडीए परियोजना प्रबंधक बालकृष्ण टम्टा ने नोडल अधिकारियों से सोशल मीडिया में ग्रुप बनाकर स्वच्छता अभियान बढ़ाने को कहा। इस दौरान डीडीओ रमा गोस्वामी, जिला पंचायत राज अधिकारी अतुल प्रताप सिंह, एसीएमओ डॉ. बलवीर सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी अनुलेखा बिष्ट, डीईओ गोपाल स्वरूप, हीरालाल गौतम आदि थे।