भीमताल (नैनीताल)। शिप्रा नदी बचाने के लिए सीडीओ विनीत कुमार ने सोमवार को कुमाऊं विश्वविद्यालय अल्मोड़ा परिसर के प्रो. जेएस रावत के साथ विकास भवन में जिलेभर के अधिकारियों के साथ बैठक की। बताया कि जिले में अब सभी विभागों के प्लान ज्योग्राफिकल इन्फॉर्मेशन सिस्टम (जीआईएस) से तैयार किए जाएंगे।
बैठक में जीआईएस मैप के तहत अब जिलेभर के प्लान बनाने पर विचार किया गया। प्रो. रावत ने शिप्रा नदी का जलस्तर बढ़ाने के उपाय सुझाए। इसके लिए बायोलॉजिकल, मैकेनिकल प्लान पर चर्चा हुई। बायोलॉजिकल प्लान में नदी किनारे पानी के स्रोतों को बढ़ाने के लिए पौधरोपण करने को कहा गया। मेकेनिकल प्लान में चेकडाम, चाल-खाल, जलसोत्र बचाने को कहा। रावत ने कहा कि अगर सभी विभाग एक साथ मिलकर काम करें तो शिप्रा नदी को फिर से जीवित किया जा सकता है। शिप्रा नदी संरक्षण की कार्ययोजना न बनाने पर सीडीओ ने अधिकारियों को फटकार लगा 15 दिन में कार्ययोजना मांगी। कहा कि 20वें दिन दोबारा बैठक कर सभी विभागों से पूरी रिपोर्ट की जानकारी ली जाएगी। सीडीओ ने बताया अब जिलेभर के प्लान जीआईएस मैप से तैयार किए जाएंगे। ताकि उन प्लानों में भौगोलिक परिस्थितियों के बार में पता चल सके। सीडीओ ने सभी अधिकारियों से गंभीरता के साथ काम करने को कहा। इस दौरान डीडीओ रमा गोस्वामी, परियोजना निदेशक बालकृष्ण टम्टा सहित जिले के तमाम अधिकारी मौजूद रहे।