हल्द्वानी/नैनीताल। खूंखार कुत्तों का आंतक थमने का नाम नहीं ले रहा है। काठगोदाम से लेकर लालकुआं तक एक ही दिन में 43 लोगों को अपना शिकार बनाया। जबकि नैनीताल में राज्य आंदोलनकारी रमेश चंद्र पंत समेत सात लोगों को काटा। पिछले साल भी कुत्तों ने कई लोगों को निशाना बनाया था। एक साल बाद भी नगर निगम और प्रशासन ने लोगों को आवारा कुत्तों से बचाने के लिए कोई कारगर कदम नहीं उठाए। आलम यह है कि आवारा कुत्ते अचानक लोगों पर झपट पड़ते हैं, जिससे लोग गिरकर भी चोटिल हो रहे हैं।