हल्द्वानी। जीटीवी के चर्चित धारावाहिक सेठ जी में अभिनय कर चुकी हल्द्वानी की बेटी नेहा सोलंकी अब नए धारावाहिक मायावी मलिंग में मुख्य भूमिका निभा रही हैं। यह धारावाहिक जल्द ही स्टार भारत के जी चैनल में आने वाला है।
मानव विकास सेवा संस्थान कार्यालय में फिल्म निर्माता और निर्देशक विक्की योगी ने बृहस्पतिवार को नेहा का स्वागत किया। पत्रकारों को नेहा ने बताया कि वह होटल मैनेजमेंट का कोर्स कर रही हैं। आवास विकास कॉलोनी निवासी नेहा के पिता व्यवसायी और माता गृहणी हैं। परिवार में एक भाई और एक बहन हैं। नेहा ने बताया कि उन्हें बचपन से ही अभिनय करने का शौक रहा है। बताया कि वह ‘सेठ जी’ धारावाहिक में गौरी की भूमिका निभा चुकी हैं। स्टार भारत पर उनका नया धारावाहिक मायावी मलिंग जल्द आ रहा है, जिसमें वह मुख्य किरदार निभा रही हैं। यहां प्रकाश, कवि दयाल, राजीव वर्मा, आराध्या बोरा आदि ने नेहा का स्वागत किया।