नैनीताल। मेहरागांव स्थित पावर हाउस से नैनीताल को आने वाली 33 केवीए विद्युत लाइन में आई खराबी के चलते रविवार को नैनीताल में घंटों तक विद्युतापूति बाधित रही, जिसके चलते लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। देर शाम तक ऊर्जा निगम के आला अधिकारियों को लाइन में आई खराबी की जानकारी नहीं हुई तो वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में नैनीताल की विद्युत लाइन को पाइंस स्थित उपकेंद्र से जोड़कर सरोवरनगरी में बिजली की वैकल्पिक व्यवस्था की गई। इसके बाद भी नैनीताल स्थित पंप हाउस में पेयजल आपूर्ति सुचारु नहीं हुई थी, जिसके चलते पंप शोपीस बने थे और नगर की पेयजल आपूर्ति ठप थी।
सरोवर नगरी में तल्लीताल क्षेत्र में दोपहर करीब 12 बजे से मल्लीताल में दोपहर दो बजे के करीब से बिजली गुल हो गई थी। घंटों तक जब विद्युतापूर्ति सुचारु नहीं हुई तो लोगों ने विभागीय अधिकारियों से इस बाबत जानकारी लेनी चाही लेकिन विभागीय अधिकारी भी बिजली गुल होने का कारण नहीं बता सके। देर शाम तक बिजली गुल होने के कारण स्थानीय लोगों, व्यापारियों और सैलानियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। एसडीओ प्रियंक पांडे ने बताया कि रविवार की दोपहर दो बजे के करीब मेहरागांव स्थित पावर हाउस से नैनीताल को आने वाली 33 केवीए की लाइन में खराबी आने के कारण विद्युतापूर्ति बाधित हुई है। उन्होंने बताया कि विद्युतापूर्ति बाधित होने की सूचना मिलने के बाद से विभाग की कई टीमें खराबी खोजने में जुटी हैं लेकिन देर रात तक खराबी नहीं मिल सकी। उन्होंने बताया कि तल्लीताल और मल्लीताल क्षेत्र की विद्युत लाइन को पाइंस स्थित उपकेंद्र से जोड़कर दोनों क्षेत्रों की सप्लाई चालू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि मल्लीताल स्थित पंप हाउस में भी विद्युतापूर्ति सुचारु करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पांडे का दावा है कि रात में पंप में भी विद्युतापूर्ति चालू करा दी जाएगी।
33 केवीए लाइन में खराबी नहीं मिल सकी
पेयजलापूर्ति भी बाधित रहने से लोग परेशान