हल्द्वानी। प्रधानमंत्री के महत्वाकांक्षी योजनाओं में शामिल जनऔषधि केंद्र जिला प्रशासन की हीलाहवाली के कारण अभी तक नहीं खुल सके हैं। जिले में चार नए जनऔषधि केंद्र खुलने हैं, मगर कभी साफ्टवेयर तो कभी स्टाफ पूरा न होने का तर्क देकर मामले को लटकाया जा रहा है।
बीडी पांडे अस्पताल नैनीताल, सोबन सिंह जीना बेस चिकित्सालय हल्द्वानी, राजकीय महिला अस्पताल हल्द्वानी और संयुक्त चिकित्सालय रामनगर में प्रधानमंत्री जनऔषधि केंद्र खुलने हैं। गरीबों मरीजों को सस्ती दवा मिल सके इसलिए जेनेरिक मेडिकल स्टोर खोले जा रहे हैं। सभी जनऔषधि केंद्र रेडक्रास सोसायटी के अधीन खुलने हैं। मई से अभी तक प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है। जून में जनऔषधि केंद्र खुलने की बात थी और कहा गया था कि मुख्यमंत्री या किसी काबीना मंत्री से उद्घाटन कराया जाएगा। इसके बाद जिलाधिकारी डीके चौधरी ने कहा कि अभी फार्मासिस्टों की नियुक्ति का मामला चल रहा है। अब रेडक्रास सोसायटी के सचिव आरएन प्रजापति का कहना है कि साफ्टवेयर अपडेट न होने के कारण जनऔषधि केंद्र खुलने में विलंब हुआ है। अभी जनऔषधि केंद्र खुलने में दस दिन तक का समय लग सकता है। इस संबंध में जिलाधिकारी चौधरी से बात करने का प्रयास किया गया मगर उन्होंने फोन नहीं उठाया।