रानीखेत (अल्मोड़ा)। राज्य ताइक्वांडो संघ ब्लैक बेल्ट परीक्षा 145 खिलाड़ियों ने परीक्षा पास की। यहां सेना के नरसिंह मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय परीक्षा में प्रदेश के विभिन्न जिलों से 250 खिलाड़ियों ने शिरकत की। रानीखेत में जिला ताइक्वांडो संघ ने यह परीक्षा संपन्न कराई। खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रतिभा दिखाते हुए यह परीक्षा उत्तीर्ण कर ली।
अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो खिलाड़ी ब्लैक बेल्ट छठी डान नरेश कुमार तलरेजा की देखरेख में यह परीक्षा सेना के नरसिंह मैदान में संपन्न हुई। सुबह से ही मैदान खिलाड़ियों से गुलजार रहा। ब्लैक बेल्ट परीक्षा में अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, टिहरी, चमोली, देहरादून, चंपावत, ऊधमसिंह नगर, नैनीताल, हरिद्वार सहित विभिन्न जिलों से 250 खिलाड़ी पहुंचे थे। 250 में से 145 खिलाड़ी ब्लैक बेल्ट की परीक्षा उत्तीर्ण करने में कामयाब रहे।
निर्णायक की भूमिका अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी नरेश तलरेजा, विजय बहादुर, किरन नेगी, कनिका बिष्ट, कमलेश तिवारी, श्रीकांत, याकूब खान, शुभम शाह ने निभाई। इधर विजेता खिलाड़ियों को जिला ताइक्वांडो संघ के अध्यक्ष हिमांशु उपाध्याय, आर्मी पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य कमलेश जोशी, बृजेश जोशी, सचिन शाह, पूरन बिष्ट, आशुतोष शाह सहित तमाम लोगों ने शुभकामनाएं दी हैं।