आवासीय विद्यालय के एक कमरे में 108 बच्चे रहते मिले
- फोटो : amar ujala
सीडीओ ने ओखलकांडा ब्लॉक के खनस्यू क्षेत्र स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय का शुक्रवार को औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय प्रबंधन द्वारा एक कमरे में 108 बच्चों को देख सीडीओ हतप्रभ रह गए।
जानकारी के मुताबिक ओखलकांडा में बीडीसी बैठक से वापस लौटते वक्त सीडीओ प्रकाश चंद्र कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय जा पहुंचे। वहां एक कमरे में 108 बच्चे रहते मिले। पूछताछ में पता चला कि आवासीय विद्यालय के विद्यार्थियों के रहने के लिए स्कूल के पास ही सिंचाई खंड जमरानी की ओर से भवन बनाया गया है।
लेकिन उक्त भवन आज तक स्कूल को हस्तांतरित नहीं किया गया है। इस पर उन्होंने उप शिक्षा अधिकारी कमलेश्वरी मेहता को आड़े हाथों लिया। सीडीओ ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह विद्यार्थियों के लिए बनाए गए आवास के लंबित कार्यों को जल्द पूरा कर इस भवन को शिक्षा विभाग को हस्तांतरित कराएं।
उन्होंने कहा कि शीघ्र ही वह विद्यालय का फिर से औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। इस दौरान विद्यालय की वार्डन सुशीला जोशी आदि थे।