हल्द्वानी। जनपद स्तर से आरटीई के मानकों के अनुसार शिक्षकों के रिक्त पद भरने एवं दिव्यांगों की बैकलॉग को भरने के लिए विज्ञप्ति जारी की जाएगी। इस संबंध में प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय से जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक शिक्षा) को निर्देश जारी किए गए हैं। प्रारंभिक शिक्षा निदेशक ने जिला शिक्षा अधिकारी को भेजे पत्र में इस बात पर भी कड़ी नाराजगी जताई है कि निदेशालय स्तर से बार-बार स्पष्ट निर्देश जारी किए जाने के बावजूद सहायक अध्यापक प्राथमिक के रिक्त पदों की पूर्ति करने के लिए किसी प्रकार की अब तक कोई कार्यवाही नहीं की गई है। निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि समूह ग पदों पर भर्ती के लिए वहीं अभ्यर्थी आवेदन कर सकेगा, जिसने हाईस्कूल, इंटरमीडिएट अथवा इनके समकक्ष स्तर की शिक्षा उत्तराखंड राज्य में स्थित मान्यता प्राप्त संस्थानों से प्राप्त की हो। डीईओ (बेसिक) हीरा लाल गौतम ने बताया कि निदेशालय स्तर से सहायक अध्यापकों रिक्त पदों की विज्ञप्ति के संबंध में कोई पत्र आने की जानकारी तो मिली है, मगर निर्वाचन संबंधी बैठक में व्यस्तता के चलते इसे देख नहीं पाए हैं।
सहायक अध्यापक प्राथमिक के रिक्त पदों पर भर्ती को निकालेंगे विज्ञप्ति
उत्तराखंड से हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की शिक्षा ग्रहण करने वाले ही होंगे पात्र