हल्द्वानी। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय को यूजीसी से स्नातक एवं स्नातकोत्तर के 15 पाठ्यक्रमों को हरी झंडी मिलने के बाद भी दाखिले शुरू नहीं हो सके हैं, इसको लेकर छात्र-छात्राएं परेशान हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इन कोर्सों में दाखिले जुलाई में ही शुरू होंगे।
विश्वविद्यालय अनुदान आयोग ने छह माह पहले उत्तराखंड मुक्त विवि के पांच कोर्सों को छोड़ तमाम पाठ्यक्रमों को बंद कर दिया था। बाद में अगस्त में यूजीसी ने मुक्त विवि को 23 पाठ्यक्रम चलाने की अनुमति दे दी थी। वहीं, 31 दिसंबर को यूजीसी द्वारा जनवरी 2019 से 15 और कोर्सों को संचालित करने की अनुमति जारी कर दी गई। इनमें बीए योग, एमएसडब्ल्यू, एमए अंग्रेजी, एमए इतिहास, एमए गृह विज्ञान, एमए ज्योतिष, एमए गणित, एमए राजनीतिशास्त्र, एमए मनोविज्ञान, एमए लोक प्रशासन, एमए संस्कृत, एमए योग, एमए परफॉर्मिंग आर्ट्स, एमए हिंदी और एमए अर्थशास्त्र पाठ्यक्रम शामिल हैं। इन सभी पाठ्यक्रमों में दाखिले को करीब छह महीने से युवा इंतजार कर रहे थे लेकिन यूजीसी से हरी झंडी मिलने के बाद भी उन्हें अभी दाखिले के लिए छह माह और इंतजार करना पड़ेगा। पाठ्यक्रमों को मान्यता मिलने की खबर छपने के बाद से विद्यार्थी रोजाना स्टडी सेंटरों पर दाखिले के लिए पहुंच रहे हैं। कुलसचिव भरत सिंह ने कहा कि यूजीसी की गाइड लाइन के अनुसार यूओयू शीतकालीन सत्र पहले ही बंद कर चुका है तथा ग्रीष्मकालीन सत्र में जुलाई से इन पाठ्यक्रमों में दाखिला प्रक्रिया शुरू होंगे।
यूओयू में नये कोर्सों में जुलाई में ही होंगे दाखिलेे
यूजीसी से हरी झंडी मिलने के बाद से रोजाना दाखिले के लिए चक्कर काट रहे विद्यार्थी