हल्द्वानी। सप्ताह का दूसरा शनिवार होने के कारण शनिवार को जहां बैंकों में अवकाश रहा, वहीं दूसरी ओर शहर और आसपास के क्षेत्रों के अधिकतर एटीएम मशीनों में कैश नहीं पड़ा। इसके चलते लोगों को कैश के लिए भटकना पड़ा।
पिछले कई दिनों से शहर और इसके आसपास के अधिकतर एटीएम मशीनों में कैश नहीं था, जिसके चलते अधिकतर मशीनों के शटर गिरे रहे। शनिवार को भी नैनीताल रोड, बरेली रोड, रामपुर रोड, कालाढूंगी रोड समेत रोडवेज परिसर, केमू बस अड्डा आदि क्षेत्रों में एटीएम मशीनों में कैश की किल्लत बनी रही। इसके चलते लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कैश निकालने के लिए लोग शहर से लगे ग्रामीण क्षेत्रों के एटीएम मशीनों की ओर गए। वहां भी किसी किसी एटीएम मशीन में ही कैश मिल सका। रविवार को अवकाश होेने के कारण एटीएम मशीनों में कैश की किल्लत बने रहने का अनुमान है। बैंक अधिकारियों के मुताबिक सोमवार से व्यवस्था सुधर जाएगी।