ब्यूरो/अमर उजाला, अल्मोड़ा
सेमीफाइनल में मेजबान इंडोनेशिया के खसन रुम्बये को सीधे सेटों में शिकस्त देकर भारत के लक्ष्य सेन ने एशियन जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप के एकल वर्ग के फाइनल में जगह बना ली है। प्रतियोगिता के फाइनल में पहुंचने वाले लक्ष्य पहले भारतीय हैं। उधर लागोस नाइजीरिया में लागोस इंटरनेशनल में उत्तराखंड की कुहू महिला युगल और मिश्रित युगल के फाइनल में पहुंच गई हैं।
14 से 22 जुलाई तक इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में खेली जा रही एशियन जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप में भारतीय टीम के कप्तान लक्ष्य सेन ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा। शनिवार को खेले गए सेमीफाइनल में इंडोनेशिया के खसन रुम्बये को सीधे सेट में 21-7 और 21-14 से शिकस्त देकर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल में लक्ष्य का मुकाबला नंबर एक वरीयता प्राप्त सीड कुंलावुत वितिद्सर्न से होगा। उत्तरांचल बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव बीएस मनकोटी ने बताया कि मिश्रित युगल के क्वार्टर फाइनल में कुहू ने रोहन कपूर के साथ खेलते हुए नाइजीरियन जोड़ी यूनिशा मोमोस और ऑगस्टीना को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई, महिला युगल के सेमीफाइनल में कुहू और रिया मुखर्जी की जोड़ी ने पॉर्चुगल की जोड़ी आदरें गोंकलवे और सोनिया गोंकलवेव की जोड़ी को 21-8 व 21-11 से सीधे सेंटों में पराजित कर फाइनल में पहुंची। मिश्रित युगल के सेमी फाइनल में कुहू की जोड़ी ने भारत की ही उत्कर्ष और करिश्मा की जोड़ी को सीधे सेटों में 21- 16 व 21-17 से हराकर फाइनल में स्थान बनाया। दोनों फाइनल शनिवार रात खेले जाएंगे। दोनों के प्रदर्शन पर उत्तरांचल स्टेट बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष अशोक कुमार, सचिव बीएस मनकोटी समेत अन्य पदाधिकारियों ने खुशी जताई है।