हल्द्वानी। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के तहत जिले के निर्बल वर्ग के 37 अन्य लोगों का मकान बनाने का सपना पूरा होगा। संबंधित लोगों को राशि देने के लिए बजट मिल गया है। यह राशि जल्द ही लाभार्थियों को सौंप दी जाएगी। पिछले साल शहर का हुये सर्वे में 11,038 ऐसे लोगों को चिह्नित किया गया था, जिनके पास अपना मकान नहीं है। ऐसे में प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी योजना के तहत लोगों को मकान उपलब्ध कराया जाना है।
नगर निगम हल्द्वानी में योजना के तहत 35 लोगों को मकान बनाने के पूरी किश्त (मकान बनाने में दो लाख दिए जाते हैं) देने के साथ कुछ लोगों की तीसरी किश्त जारी कर दी है। योजना के तहत हल्द्वानी में आठ लोगों के मकान तैयार हो चुके हैं। अब इसी योजना के तहत हल्द्वानी, रामनगर, भवाली के 37 और लोगों को मकान बनाने के लिए राशि देने की तैयारी है। इनकी डीपीआर स्वीकृत होने के साथ बीस लाख से अधिक की राशि भी जारी हो गई है। सामाजिक विकास अधिकारी सुरेश अधिकारी के अनुसार शासन ने बजट जारी कर दिया है। इसके अलावा 26 और लोगों के आवास से संबंधी डीपीआर बनाकर शासन को भेजी गई है, जिनके लिए अभी बजट स्वीकृत नहीं हुआ है।
चार किस्तों में मिलती राशि
हल्द्वानी। लाभार्थियों को दो लाख की राशि क्रमश: बीस हजार, एक लाख, साठ हजार और बीस हजार किस्तों में दी जाती है। योजना के लिए लोगों के पास अपनी जमीन होना जरूरी है। इसके अलावा उसके या परिवार के सदस्य के पास कहीं भी मकान नहीं होना चाहिए।
जिले के लाभार्थियों को नहीं मोदी से बात करने का मौका
नैनीताल। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जिले के लाभार्थियों को पीएम से बात करने का मौका मिलने की उम्मीद थी, लेकिन उत्तराखंड का नंबर नहीं आ सका और लाभार्थियों की बात नहीं हो सकी। भगवती जोशी, भूमिका तिवारी, चिंता देवी, दीपा कांडपाल, गीता वर्मा, नंदी कांडपाल, प्रेमा तिवारी, सोनी तिवारी, गीता देवी, मुरसलीन, नंदी देवी, नासरीन जहां, प्रेमा, सविता शर्मा और शमशाद समेत 30 लोगों को वीडियो कांफ्रेंसिग में प्रतिभाग करने के लिए चुना गया था। इनमें से 27 लोग कलक्ट्रेट पहुंचे।