हल्द्वानी। नगर निगम आखिर किस दबाव में डिवाइडर और सड़क के किनारे लगे यूनिपोल नहीं हटा रहा है। 14 दिन बीतने के बाद भी नैनीताल रोड पर अब तक 20 यूनिपोल नहीं हटाए गए हैं।
नगर निगम ने 14 दिन पहले निगम क्षेत्र में यूनिपोल और होर्डिंग्स के लिए टेंडर आमंत्रित किए थे। ये टेंडर की शर्तों में भी लिखा गया है कि हाइवे के बीच में यूनिपोल नहीं लगाए जाएंगे। साथ ही यह भी कहा गया है कि सड़क के किनारे चिन्हित स्थान पर यूनिपोल सड़क के क्षैतिज लगाए जाएंगे। टेंडर के दिन नगर आयुक्त चंद्र सिंह मर्तोलिया ने सहायक नगर आयुक्त को तीन दिन में यूनिपोल हटाने के निर्देश दिए थे। 20 दिन बीत जाने के बाद भी अभी तक यूनिपोल नहीं हटाए गए हैं।
सूत्रों की मानें तो निगम में आधे से अधिक पोल नेताओं और बड़े व्यापारियों के लगे हैं। इस कारण नगर निगम के अधिकारियों पर राजनीतिक दबाव है। इस कारण नगर निगम दो दिन की कार्रवाई में सिर्फ तीन यूनिपोल हटा के जब्त कर पाया। मंगलवार को इसी दबाव के चलते निगम के अधिकारी यूनिपोल हटाने को उतरे ही नहीं। उधर, नगर आयुक्त चंद्र सिंह मर्तोलिया ने बताया कि कर्मचारियों की कमी के कारण अभी यूनिपोल नहीं हटाए गए हैं। जल्द ही यूनिपोल हटाए जाएंगे।
14 दिन बाद यूनिपोल का अनुबंध तक नहीं हुआ
नगर निगम की टेंडर शर्तों में साफ लिखा गया था कि तीन दिन के अंदर टेंडर प्राप्त करने वाली कंपनी को टेंडर की आधी राशि जमा करनी होगी। लेकिन 14 दिन बीतने के बाद भी न तो निगम और कंपनी के बीच अनुबंध हो पाया है। न ही अभी तक इसका पैसा जमा किया गया है। उधर, इस मामले में सहायक नगर आयुक्त विजेंद्र चौहान ने बताया कि अनुबंध और पैसा जमा नहीं हुआ है। जब उनसे टेंडर की शर्तों के उल्लंघन की बात कही गई तो उन्होंने इस बारे में नगर आयुक्त से पूछने की बात कही। नगर आयुक्त चंद्र सिंह मर्तोलिया से बात करने के लिए कई बार फोन मिलाया गया। लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।