भीमताल। पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज का कहना है कि हाईकोर्ट जनहित में नैनीताल से अन्यत्र शिफ्ट हो जाए तो अच्छा रहेगा। इससे सरोवर नगरी में यातायात का दबाव कम होगा, साथ ही पर्यटन को भी लाभ मिलेगा। इस संबंध में हाईकोर्ट से प्रार्थना की जाएगी। पर्यटन मंत्री ने यह बात यहां नौकुचियाताल में आयोजित पर्यटक आवास गृह के लोकार्पण के दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए कही, हालांकि बाद में वह यह भी कहते रहे कि यह उनकी निजी राय है।
लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट में अधिकांश मामले हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिलों के हैं लिहाजा हाईकोर्ट रुद्रपुर आ जाए तो इसका लाभ मिलेगा। इस संबंध में शीघ्र ही बातचीत शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह उनकी निजी राय है लेकिन इसके लिए पहल तो होनी चाहिए।
इससे पहले पत्रकारों से बातचीत में सतपाल महाराज ने कहा कि सरकार नैनीझील समेत इसके आसपास की सभी झीलों के अस्तित्व को बचाने के लिए काम कर रही है। उन्होंने भीमताल झील की डिसिल्टिंग के लिए भी शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रदेश की झीलों में सी प्लेन के माध्यम से सैलानियों को पहुंचाने की दिशा में भी काम हो रहा है।
पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि प्रदेश के अधिकांश एटीएम के कैशलेस होने की स्थिति में यहां आने वाले सैलानियों को किसी तरह की दिक्कतें न हो और इससे चार धाम यात्रा प्रभावित न हो, इसके लिए सरकार चौकस है। उन्होंने कहा कि पर्यटन सचिव को निर्देश दिए गए हैं कि वह केंद्र सरकार से इस संबंध में वार्ता करें और हेलीकाप्टर के माध्यम से केंद्र से पर्याप्त कैश मंगाएं।