हल्द्वानी। ट्रंचिंग ग्राउंड को हटाने की मांग को लेकर आत्मदाह की धमकी देने वाले को बनभूलपुरा पुलिस ने रविवार रात लाइन नंबर आठ से शांति भंग की आशंका में गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के समय पुलिस से क्षेत्रीय लोगों की नोकझोंक भी हुई। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस ने उसे बनभूलपुरा की जगह कोतवाली थाने में रखा है।
गौला गेट के पास ट्रंचिंग ग्राउंड मामले को लेकर आंदोलन कर रहे मो. सिराज अहमद ने सभा के दौरान सोमवार को डीएम कार्यालय में आत्मदाह करने की धमकी दी और मौके से गायब हो गया। इसके बाद पुलिस और अभिसूचना इकाई सिराज की धरपकड़ में जुट गई। दिनभर की भागदौड़ के बाद रात साढ़े आठ बजे बनभूलपुरा थानाध्यक्ष दिनेश नाथ महंत को सूचना मिली कि सिराज लाइन नंबर आठ में है।
इसके बाद पुलिस फोर्स ने लाइन नंबर आठ से सिराज को पकड़ लिया। इस दौरान सिराज के समर्थकों की पुलिस से नोकझोंक भी हुई। पुलिस ने हिरासत में लेने के बाद सुरक्षा की दृष्टि से उसको कोतवाली में रखा है।
थानाध्यक्ष ने कहा कि सिराज का शांति भंग की आशंका में चालान किया है। इधर इंदिरानगर जन विकास समिति के पदाधिकारी तसलीम अंसारी और सरताज आलम ट्रंचिंग ग्राउंड हटाने की मांग को लेकर दूसरे दिन भी भूख हड़ताल पर रहे। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि जिला प्रशासन इंदिरा नगर के 50 हजार लोगों के स्वास्थ्य की अनदेखी कर रहा है। इस मौके पर जाहिद अंसारी, तौफीक अहमद, इकरार अहमद, नईम अंसारी, शराफत खान, जाकिर अंसारी, आमिर सिद्दीकी, इस्लाम मिकरानी, रईस अहमद आदि मौजूद रहे।
ट्रंचिंग ग्राउंड नहीं हटने पर दी थी धमकी, पुलिस से समर्थकों की नोकझोंक
ट्रंचिंग ग्राउंड हटाने को लेकर दूसरे दिन भी भूख हड़ताल