हल्द्वानी। प्रदेश भर में एक साथ कक्षा तीन से आठ तक की कक्षाओं के बच्चों की जनवरी माह में कराई गई मासिक परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन अब तक नहीं हो सका है। उस पर प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय ने फरवरी माह के मासिक परीक्षा की तिथि घोषित कर दी है। हाल यह है कि परीक्षा कार्यक्रम में गणित विषय की परीक्षा तिथि दो बार दी गई है, जबकि अंग्रेजी विषय परीक्षा कार्यक्रम से गायब है।
प्रारंभिक शिक्षा के अपर निदेशक वीएस रावत की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि प्राथमिक स्तर कक्षाओं के विषय हिंदी, अंग्रेजी और गणित का मासिक परीक्षा 26 फरवरी को कराया जाएगा। इसके अलावा जूनियर हाइस्कूलों में हिंदी और गणित की मासिक परीक्षा 26, विज्ञान और गणित विषय की परीक्षा 27 फरवरी को होगी। लापरवाही का पता इससे ही लगाया जा सकता है कि जूनियर हाइस्कूलों कक्षाओं में गणित विषय की परीक्षा तिथि दो बार दी गई है, जबकि अंग्रेजी विषय का कोई जिक्र ही नहीं किया गया है। इसके अलावा शिक्षा विभाग ने वार्षिक परीक्षाओं के प्रश्नपत्र स्कूलों को स्वयं तैयार करने को कहा है और मासिक परीक्षा के लिए राज्य स्तरीय की व्यवस्था है।