हल्द्वानी। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में छह नलकूपों की मोटर फुंकने से पेयजल संकट बना हुआ है। क्षेत्रवासी पेयजल के लिए इधर-उधर भटक रहे हैं। जलसंस्थान प्रभावित क्षेत्रों में टैंकरों से भी पेयजल वितरित नहीं कर रहा है। लोगों को निजी टैंकरों से पानी खरीदना पड़ रहा है।
क्षेत्र के रामपुर रोड गली नंबर नौ स्थित वन निगम डिपो परिसर, जीतपुर नेगी, पीपल पोखरा नंबर एक, घूनी नंबर एक, हरिपुर नायक, छड़ायल नयाबाद के नलकूपों की मोटरें फुंकी हैं। हरिपुर नायक का नलकूप जलसंस्थान के अधीन है। शेष पांच ट्यूबवेल नलकूप खंड के पास हैं।
नलकूप खंड के पास 169 नलकूप हैं और इनकी देखरेख के लिए मात्र 49 कर्मचारी हैं। जिस कारण लंबे समय तक नलकूपों की मरम्मत नहीं हो रही है। अधिकारियों द्वारा मंगलवार को प्रभावित इलाकों में टैंकरों से पेयजल वितरित करने का आश्वासन देने के बावजूद किसी भी क्षेत्र में पानी नहीं बांटा गया। पेयजल नहीं मिलने से क्षेत्रवासियों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।