द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। नगर पंचायत में स्थायी अधिशासी अधिकारी की नियुक्ति की मांग को लेकर सभासदों ने रविवार को भी कार्यालय में तालाबंदी की।
एक जनवरी से क्रमिक अनशन होगा। शीघ्र समस्या का निराकरण नहीं होने पर अध्यक्ष सहित तमाम सभासदों ने आमरण अनशन की चेतावनी दी है। इस दौरान शासन प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
अध्यक्ष विमला शाह सहित तमाम सभासदों ने नगर पंचायत कार्यालय में रविवार को भी तालाबंदी की। तीसरे दिन भी सभासदों ने वहां शासन प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कहा कि प्रतिस्थानी के बगैर ईओ का अन्यत्र तबादला कर दिया गया, जिस कारण तमाम कार्य प्रभावित हो रहेे हैं।
दूसरी तरफ निकाय चुनाव की तैयारियां चल रही हैं। ऐसे में मतदाता सूची निर्माण का कार्य भी ठप हो गया है। नगर की सफाई व्यवस्था भी चरमरा गई है। एक दिन पहले समझाने पहुंचे एसडीएम फिंचा राम चौहान को भी आंदोलनकारियों के गुस्से का शिकार होना पड़ा।
इधर, आंदोलन के समर्थन में नगर कांग्रेस अध्यक्ष कमला शाह भी धरना स्थल पर पहुंचे। अध्यक्ष विमला शाह ने कहा कि मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। इस दौरान सभासद तारा मठपाल, भागीरथी देवी, युगल किशोर शाह आदि थे।